नयी दिल्ली , अप्रैल 05 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने रविवार को बयान जारी करते हुए कहा कि एमसीडी "काली कमाई का अड्डा" बन चुका है, जहां उच्च अधिकारी से लेकर छोटे कर्मचारी तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। श्री यादव ने बताया कि हाल ही में शाहदरा उत्तरी जोन में उपायुक्त, प्रशासनिक अधिकारी और बेलदार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी ने भाजपा की "जीरो टॉलरेंस" नीति की पोल खोल दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में फाइलों को जानबूझकर रोका जाता है और रिश्वत के बिना काम नहीं होता।उन्होंने नजफगढ़ और शाहदरा जोन में सीबीआई द्वारा की गई कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि निर्माण अनुमति, भवन विभाग, लाइसेंसिंग, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं तक में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। 17 करोड़ के वेतन घोटाले और अवैध वसूली के मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे संगठित भ्रष्टाचार बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित