नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में चल रही तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार होने से दिल्लीवासियों को प्रदूषण से काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि का अनुमान जताया है। जिससे क्षेत्र में दिन का तापमान मौसमी औसत से ऊपर रहने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 फरवरी और फिर दो-तीन मार्च के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं। इनके प्रभाव से कल और आज जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में तथा आज हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। दो से चार मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मध्य भारत में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ने का अनुमान जताया गया है। महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, इसके बाद मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। गुजरात में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद अगले चार दिनों में तापमान तीन से पांच डिग्री बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद पांच दिनों में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि सप्ताह के अंत तक पश्चिम, मध्य, पूर्व और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत के हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री अधिक रहने का अनुमान है। देश के शेष हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित