नयी दिल्ली , मई 12 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राजधानी दिल्ली में बढ़ते अपराधों को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और कहा कि उनकी निष्क्रियता और प्रभावहीन कार्यशैली के कारण दिल्ली देश के 19 महानगरों में संगीन अपराधों में सबसे ऊपर पहुंच गई है।
श्री यादव ने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2024 रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में वर्ष 2024 में 2.75 लाख से अधिक संगीन अपराध दर्ज हुए, जबकि आरोप पत्र दाखिल करने की दर केवल 31.9 प्रतिशत रही, जो सभी महानगरों में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बेहद चिंताजनक हैं।
रिपोर्ट के अनुसार दहेज हत्या के 109, बलात्कार के 1058, घरेलू क्रूरता के 4646 और अपहरण के 3974 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि प्रति एक लाख आबादी पर महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर 176.8 रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस अपराध रोकने और पीड़ितों को न्याय दिलाने में विफल रही है। हत्या, दुष्कर्म, आर्थिक अपराध, साइबर क्राइम और नशे के कारोबार जैसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि अदालतों में 4.34 लाख से अधिक मामले लंबित हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय और जिला अदालतों में न्यायाधीशों के कई पद खाली होने से मामलों का भारी बैकलॉग बढ़ रहा है और आम लोगों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित