नयी दिल्ली , मार्च 27 -- दिल्ली पुलिस ने दिल्ली कैंट इलाके में रेलवे लाइन के पास चलाए जा रहे एक अवैध जुआ रैकेट का भंडाफोड़ कर इसमें संलिप्त सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को बुधवार को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी कि सलीम खान और उसके सहयोगी इलाके में जुआ सिंडिकेट चला रहे हैं। दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने कहा, "छापेमारी के दौरान सात व्यक्तियों को नंबर पैड का उपयोग कर जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा गया।"आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय सलीम खान, 29 वर्षीय जासिम खान, 22 वर्षीय अभिषेक, 40 वर्षीय सनी कुमार, 48 वर्षीय पवन, 52 वर्षीय रमेश चंद और 26 वर्षीय मोहम्मद बाशिम के रूप में हुई है। ये सभी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के निवासी हैं।

अधिकारी ने आगे बताया कि पुलिस की टीम ने मौके से दांव पर लगी 36,050 रुपये की नकदी के साथ एक फ्लेक्स चार्ट, सट्टा दर्ज करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो नोटबुक, एक कैलकुलेटर, तीन कार्बन पेपर और दो बॉलपॉइंट पेन जब्त किये हैं।

पूछताछ के दौरान, सलीम ने रैकेट चलाने की बात स्वीकार की। वह पहले भी डाबड़ी, बिंदापुर और दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशनों में जुए से संबंधित तीन दर्ज मामलों में शामिल रहा है। अन्य आरोपी जुआ खेलने वालों के रूप में शामिल किये गये हें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित