नयी दिल्ली , जून 16 -- राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं के चलने और हल्की बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट आयी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें हुयीं। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश नजफगढ़ में दर्ज की गई, जहां सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 24 मिमी वर्षा हुयी। इसके अलावा पालम में नौ मिमी, जबकि सफदरजंग और आयानगर में क्रमशः 2.8 मिमी और 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में साफ गिरावट आयी। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन से 4.2 डिग्री कम है। पालम और आयानगर में भी तापमान 32 से 33 डिग्री के आसपास रहा, जहां पांच डिग्री तक की गिरावट देखी गयी।
विभाग के मुताबिक, यह बदलाव 15से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण हुआ, जिनकी गति कभी-कभी 46 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित