नयी दिल्ली , मई 21 -- वित्त मंत्रालय की एजेंसी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में ई-सिगरेट की तस्करी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 करोड़ रुपये मूल्य की 3,00,000 ई-सिगरेट अथवा वेप्स जब्त की है।

वित्त मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार डीआरआई ने प्रतिबंधित निकोटीन उत्पादों के अवैध आयात के विरूद्ध पिछले कुछ दिनों में इन राज्यों के कुछ बंदरगाहों, हवाई अड्डों और आईसीडी (सूचना नियंत्रण केंद्र) में चलाए गए अपने अभियान में व्यापक स्तर पर ई-सिगरेट (वेप) तस्करी के एक गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है।

विज्ञप्ति के अनुसार खुफिया जानकारी के आधार पर की गयी कार्रवाई में डीआरआई ने ने सीमा शुल्क विभाग को चकमा देने के लिए गलत विवरण के आधार पर प्रतिबंधित माल के आयात का भांडाफोड़ किया और उसे जब्त किया। विस्तृत जांच और कार्रवाई में विभिन्न ब्रांडों, स्वादों और विशिष्टताओं की लगभग 3,00,000 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट अथवा वेप्स जब्त की गईं, जिनकी कीमत 120 करोड़ रुपये से अधिक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित