कोटा , मई 30 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर नौतपा में प्रदेश में चल रहे भीषण गर्मी एवं लू के दौर में भी अपनी तीसरी जनसंवाद पदयात्रा निकाले रहे हैं और शनिवार को तीसरे दिन खेड़ारूधा पहुंचकर रात्रि विश्राम किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीषण गर्मी एवं लू के चलते लोगों को तेज धूप से बचने एवं अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की हैं वहीं उनके मंत्री श्री दिलावर ने अपनी पदयात्रा में लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि वह आखिर इस भीषण नौतपा की गर्मी में पैदल चलकर गांव-गांव पदयात्रा इसलिए निकाल रहे हैं कि क्योंकि सामान्य दिनों में जब वह लोगों से मिलने उनके बीच गांव में आते हैं तो लोग अपने-अपने काम में व्यस्त होते हैं। कोई खेत में होता है, तो कोई शादी ब्याह में अपने रिश्तेदारों के घर गया हुआ होता है और वह सब लोगों से मिल नहीं पाते।
उन्होंने कहा कि इसलिए उन्होंने सोचा कि अभी गर्मी का भीषण महीना है। खेत खाली है, शादी ब्याह भी रुके हुए हैं और नौतपा की भीषण गर्मी में सब लोग अपने-अपने घरों में आराम करते हुए मिलेंगे। इस समय वह गांव में आयेंगे तो सब से एक साथ मिलना हो जाएगा। इसलिए नौतपा का समय तय करके अपनी पदयात्रा शुरू की।
उल्लेखनीय है कि श्री दिलावर ने अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी इलाके में गत 28 मई से यह पांच दिवसीय जनसंवाद यात्रा शुरु की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित