जयपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को जयपुर के महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जेदिया कॉलोनी राज भवन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेजिडेंसी तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सी स्कीम जयपुर का औचक निरीक्षण किया।

श्री दिलावर ने विद्यालय में स्वच्छता को लेकर गहन जांच की तथा स्कूलों में बच्चों के लिए बनाये गये शौचालय का निरीक्षण किया। कक्षा कक्ष में पहुंचकर बच्चों की उपस्थिति की जांच की तथा स्टाफ की संख्या एवं उपस्थित स्टाफ सदस्यों को लेकर पूछताछ की। उन्होंने बिना स्वीकृत अवकाश लिये विद्यालय में अनुपस्थित मिले शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए संयुक्त निदेशक शिक्षा जयपुर को निर्देशित किया। राजकीय माध्यमिक विद्यालय रेजीडेंसी में विद्यालय परिसर के अंदर जबरदस्त गंदगी तथा विद्यालय के प्रवेश द्वार पर भी कचरा फैला होने को लेकर नाराजगी जाहिर की।

इस विद्यालय में प्रधानाचार्य अनुपस्थित थीं, उन्होंने स्कूल में गंदगी और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर प्रधानाचार्य और शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिया।

श्री दिलावर ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सी स्कीम जयपुर में भी औचक निरीक्षण किया और अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक शिक्षा जयपुर मंजू शर्मा तथा शिक्षा मंत्री के विशेष अधिकारी सतीश कुमार गुप्ता भी साथ थे।

मंत्री के निर्देश पर श्रीमती मंजू शर्मा ने स्कूल के प्रधानाचार्य को आवश्यक दस्तावेज लेकर अपने कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित