जयपुर , जुलाई 19 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को जोधपुर से बिराई गांव जाते समय बावड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।

श्री दिलावर ने गांवों में सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों तथा आबादी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए ग्रामीणों से पंचायत स्तर पर की जा रही नियमित सफाई और कचरा संग्रहण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत भवात के गांव भवात में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में पंचायत द्वारा प्रतिदिन कराई जा रही सफाई, घरों एवं सार्वजनिक स्थानों से कचरा एकत्रित करने तथा उसके समुचित निस्तारण के संबंध में ग्रामीणों से संवाद किया।

उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि पंचायत की ओर से सफाईकर्मी नियमित रूप से गांव में आते हैं अथवा नहीं तथा घरों और गलियों से कचरा संग्रहण की व्यवस्था निर्धारित समय पर संचालित हो रही है या नहीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नियमित सफाई के साथ-साथ कचरे का समयबद्ध संग्रहण और सुरक्षित निस्तारण आवश्यक है।

इसके बाद श्री दिलावर ने ग्राम पंचायत गंगाणी के गांव गंगाणी में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत द्वारा प्रतिदिन सफाई करवाने, गलियों और सार्वजनिक स्थानों से कचरा उठाने तथा गांव में स्वच्छता बनाये रखने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें तथा सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों और आबादी क्षेत्रों में कचरा एकत्रित नहीं होने दिया जाये। सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाये और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रतिदिन कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाये।

श्री दिलावर ने ग्राम सेवकी कलां में भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में सफाई की स्थिति देखते हुए ग्रामीणों से प्रतिदिन सफाई एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिये कि गांवों में सफाई व्यवस्था को नियमित, प्रभावी और परिणामपरक बनाया जाये। सफाईकर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा गांवों से एकत्रित कचरे का निर्धारित स्थान पर समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र में सफाई की स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। गांवों की गलियों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों के आसपास तथा प्रमुख आवागमन मार्गों पर विशेष रूप से स्वच्छता बनाये रखी जाये। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण की व्यवस्था केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रतिदिन निर्धारित समय पर कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया जाये। नालियों की नियमित सफायी की जाये तथा पानी और गंदगी का जमाव नहीं होने दिया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित