कोटा , मई 25 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की कोटा जिले में अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी में तीसरे चरण की पदयात्रा 28 मई से एक जून तक चेचट पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में निकाली जाएगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पांच दिवसीय इस पदयात्रा का शुभारंभ चेचट पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत चेचट से होगा। यात्रा ग्राम पंचायत खेड़ली, पीपल्दा, घाटोली, आलोद, सालेडाखुर्द, हथियाखेड़ी, मदनपुरा, देवलीकलां और खेड़ारुद्धा के 40 गांव से होकर गुजरेगी।

यात्रा के प्रथम दिन गुरुवार को प्रातः 9:00 बजे से शुरू होकर यात्रा भटवाड़ा, ढाणी, झामरा, नयागांव, मनोहरपुरा, रामपुरिया, खेड़िया, खेड़ली ढाणी गांव में होते हुए खेड़ली गांव में रात्रि विश्राम करेगी। पांच दिनों तक चलने वाली यह पदयात्रा पांच दिनों में 80 किलोमीटर का मार्ग पैदल तय करेगी।

यात्रा का नेतृत्व स्वयं श्री दिलावर करेंगे। वह रामगंजमंडी से विधायक हैं और पूरे समय यात्रा में शामिल रहेंगे और पांच दिन तक रात्रि विश्राम भी पदयात्रियों के साथ ग्रामवासियों के बीच ही करेंगे। यात्रा के दौरान श्री दिलावर स्थानीय निवासी ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप पदयात्रा के दौरान किसी प्रकार की फिजूल खर्ची नहीं की जाएगी। यात्रा पूरी तरह से सादगीपूर्ण होगी, जिसमें पेट्रोल डीजल से चलने वाले वाहनों का उपयोग नहीं किया जाएगा। श्री दिलावर भी यात्रा में पूरे समय पैदल ही चलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित