अजमेर , सितंबर 24 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरु की गई वडनगर-पुष्कर-वाराणसी सेवा यात्रा में गुरुवार को शामिल हुई।

वडनगर गुजरात से शुरू हुई यह यात्रा गुरुवार को अजमेर के सराधना पहुंची जहां यात्रा के पड़ाव के दौरान श्रीमती दिया कुमारी ने दोपहिया वाहन से यात्रा कर इसमें शरीक हुई। उन्होंने देवांगी मैयड के साथ मोटरसाइकिल पर यात्रा करते हुए सेवा का संकल्प लेने और समाज के लिए तत्पर रहने का संदेश दिया।

इस सेवा यात्रा में 60 सेवा यात्री शामिल हैं और इसके माध्यम से राजस्थान के 39 जिलों में सेवा का संदेश पहुंचाया जाएगा। सराधना में यात्रा के अवसर पर किसान चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीमती दिया कुमारी ने ग्रामीणों से संवाद किया।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चारपाई पर बैठकर ग्रामीण अंदाज में बातचीत की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ जाजम पर बैठकर पीतल की पारंपरिक थाली में भोजन किया। सेवा यात्रियों ने राजस्थान की पारंपरिक आवभगत और ग्रामीण संस्कृति की सराहना की।

चौपाल को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। वडनगर से शुरू हुई उनकी जीवन यात्रा आज वाराणसी तक सेवा का संदेश दे रही है। सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से आमजन को प्रधानमंत्री के संघर्षों और सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों के बारे में जानने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित