राजसमंद , मई 06 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को राजसमंद जिले के गुंजोल गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

श्रीमती दिया कुमारी ने निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता को परखा। उपमुख्यमंत्री ने मौके पर ही बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की जांच की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को हमेशा पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण आहार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चों को श्रीनाथजी का प्रसाद भी वितरित किया, जिससे बच्चों में उत्साह देखने को मिला।

उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से संचालित हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित