जयपुर , सितंबर 20 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को जयपुर जिले की चाकसू विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चन्दलाई में 4.51 करोड़ की लागत से होने वाले अटल पथ, सड़क चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने समस्त ग्रामवासियों को विकास कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क विकास परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा व्यापार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ गांव-गांव तक बेहतर और मजबूत आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण जैसे कार्य ग्रामीण विकास की गति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में संत संतोष महाराज, राजपूत सभा भवन के अध्यक्ष राम सिंह चन्दलाई, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित