जयपुर , सितंबर 27 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्वस्थ मातृत्व और सुपोषित बचपन ही सशक्त परिवार तथा विकसित राजस्थान की मजबूत नींव बताते हुए कहा है कि बच्चों के पोषण, माताओं के स्वास्थ्य और परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए संबंधित सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है।
श्रीमती दिया कुमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' के तहत रविवार को जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित आदर्श आंगनवाड़ी पाठशाला में आयोजित 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम भाग लिया और यह बात कही।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें खाने का सामान दिया। उन्होंने बच्चों के पोषण एवं स्वस्थ विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भी सहभागिता की।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी कराई गई। उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं को सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व जीवन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित