सीकर , मई 03 -- राजस्थान में सीकर जिले के खंडेला क्षेत्र के समर्थपुरा गांव में रविवार को एक भावनात्मक और गौरवपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कुलदेवी जमुवाय माताजी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की और अमर शहीद विजेंद्र सिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम के दौरान माहौल देशभक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया। श्रीमती दिया कुमारी ने शहीद विजेंद्र सिंह शेखावत के परिजनों और वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देश के सैनिकों का योगदान अतुलनीय है और उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
श्रीमती दिया कुमारी ने शहीदों के परिवारों को प्रणाम करते हुए कहा कि उन्होंने देश की सेवा के लिए वीर सपूतों को जन्म दिया है, जो पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों और नीतियों के चलते भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत और सशक्त बन रहा है ।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा , विधायक सुभाष मील , पूर्व सांसद सुमेधानंद तथा तारादास महाराज एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित