जयपुर , जून 03 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को राजधानी जयपुर में विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र के मुरलीपुरा में 3.06 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
श्रीमती दियाकुमारी ने मुरलीपुरा मंडल के वार्ड संख्या 10 में आयोजित कार्यकर्ता कार्यशाला में सहभागिता करते हुए इन विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही राज्य सरकार के 'वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान' के बारे में आमजन को जागरूक करने तथा जल प्रबंधन को जनसहभागिता के माध्यम से जन आंदोलन का रूप देने की अपील की।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प का वाहक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित