जयपुर , जुलाई 31 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर देते हुए विकास कार्यों को तेजी प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।

श्रीमती दियाकुमारी शुक्रवार को यहां आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थी। उन्होंने बैठक में निर्देश दिये कि अधिकारी महीने में कम से कम चार बार क्षेत्र में जाकर सड़कों का निरीक्षण करे । उन्होंने कहा कि जब तक अधिकारी फील्ड में जाकर निरीक्षण नहीं करेंगे तब तक सडकों की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चलेगा । उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यो की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए भी फील्ड विजिट जरूरी है ।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये की जलभराव या कटाव की वजह से यदि मार्ग अवरुद्ध हो तो तत्काल मरम्मत कार्य करवाया जाये और इस दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाये ।

इस दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गयी और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी हों। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता न किया जाये और योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों को तेज गति देना और जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में जनसेवा और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

इस दौरान उन्होंने एनएच, एनएचएआई, सीआरआईएफ, आरएसआरडीसी , एक्सप्रेस वे, पीएमजीएसवाई, अटल पथ सहित विभिन्न सड़क एवं अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित