जोधपुर , जुलाई 27 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को जोधपुर जिले के ग्राम गुड़ा भाकरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्रीमती दियाकुमारी ने इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों एवं माताओं को प्रदान की जा रही सेवाओं, पोषण संबंधी व्यवस्थाओं, न्यूट्रीकिट की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने केंद्र पर मौजूद नन्हें बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बच्चों के बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के समग्र विकास और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का सशक्त माध्यम बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान केंद्र में मिली अव्यवस्थाओं पर उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगायी और तत्काल सुधार के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। अधिकारियों को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार कर लाभार्थियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित