अजमेर , जून 05 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा है कि जल संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक है और इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
श्रीमती दिया कुमारी शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुढ़ा पुष्कर में आयोजित समारोह के साथ वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के समापन समारोह में बोल रही थी। उन्होंने जनभागीदारी को सफलता की कुंजी बताते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए अजमेर जिले के नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न सरकारी विभागों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में आमजन की सक्रिय भागीदारी के कारण यह अभियान पूरे प्रदेश में जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की पहल को अभूतपूर्व सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन की परंपरा सदियों पुरानी है, जिसे राज्य सरकार 'हरियालो राजस्थान' और 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' जैसी योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी मानसून में अभियान के तहत विकसित संरचनाएं वर्षा जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और भूजल स्तर में वृद्धि होगी।
अजमेर के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने बताया कि पुष्कर क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 45 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही परिक्रमा मार्ग, घाटों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित