कोटपूतली , जनवरी 26 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कोटपुतली-बहरोड़ जिले के कोटपुतली में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
इस दौरान श्रीमती दिया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी ली और लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, " गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यह दिन हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। "उन्होंने कहा, " हमारे वीर जवानों और उनके परिवारों का योगदान देश कभी नहीं भूल सकता। शहीदों की वीरांगनाएं हमारी प्रेरणा हैं, जिनके साहस और त्याग को नमन करना हमारा कर्तव्य है। देश का भविष्य हमारे युवाओं के हाथों में है। संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।"समारोह के दौरान विभिन्न स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में श्रीमती दिया कुमारी ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों की वीरांगनाओं को सम्मानित किया। इसके साथ ही अलग अलग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश सहारण, विद्यार्थी तथा जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित