जयपुर 14अप्रैल (वार्ता) राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर मंगलवार को यहां नमन कर याद किया।
श्रीमती दियाकुमारी ने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 'अंबेडकर जयंती समारोह' में डॉ. अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर विचार मंच समिति द्वारा आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने बाबा साहब के महान विचारों, संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान तथा सामाजिक समरसता के लिए किए गए संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें समानता, न्याय और अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा, " बाबा साहब द्वारा रखी गई नींव को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की पूरे विश्व में अलग पहचान है और देश निरंतर डॉ अंबेडकर के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को समान अवसर मिले, यह बाबा साहब का सपना था, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। "कार्यक्रम में स्वायत शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित