रुद्रपुर , अक्टूबर 04 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की दिनेशपुर पुलिस ने घर में घुसकर मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के अनुसार शनिवार को ग्राम पंचाननपुर निवासी राम बहादुर ने थाना दिनेशपुर में सूचना दी कि अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी कर ली है। इस पर थाना दिनेशपुर में धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की गई।
आज मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम जाफरपुर में सुपर मार्केट कॉलोनी से जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल आती दिखी। पुलिस को देखकर चालक ने वापस भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ और जांच में मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। पुलिस ने नेतानगर, थाना दिनेशपुर निवासी अमित कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामले में नियमानुसार अन्य धाराओं की वृद्धि कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित