मुंबई , अप्रैल 02 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद गुरुवार को शुरुआती कारोबार में करीब 1,600 अंक तक टूटने वाला बीएसई का सेंसेक्स अंत में हरे निशान में बंद हुआ।

सेंसेक्स 872 अंक गिरकर 72,262 अंक पर खुला और एक समय 1,588 अंक लुढ़क चुका था। आखिरी एक घंटे में आईटी और निजी बैंकिंग कंपनियों में हुई लिवाली से यह 185.23 अंक (0.25 प्रतिशत) चढ़कर 73,319.55 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 33.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त में 22,713.10 अंक पर पहुंच गया।

श्री ट्रंप ने भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में ईरान के खिलाफ अमेरिका के मिशन को सफल बताया, लेकिन कहा कि अगले दो-तीन सप्ताह खाड़ी देश पर हमले और तेज किये जायेंगे।

इससे वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट रही। हालांकि रुपये में जबरदस्त तेजी के कारण भारतीय शेयर बाजारों पर असर कम दिखा।

वृहत बाजार गिरावट में रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.16 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.38 प्रतिशत फिसल गया।

सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों में लिवाली से निफ्टी आईटी सूचकांक 2.60 प्रतिशत मजबूत हुआ। रियलटी, धातु, निजी बैंकों और एफएमसीजी में भी तेजी रही। ऑटो, फार्मा, स्वास्थ्य, मीडिया, सार्वजनिक बैंकों, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन सेक्टरों में गिरावट रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर करीब साढ़े तीन प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। टेक महिंद्रा में ढाई प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। इंफोसिस, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर एक से दो प्रतिशत ऊपर बंद हुए।

मारुति सुजुकी, टाइटन, एक्सिस बैंक, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक आईटीसी, भारती एयरटेल और इंडिगो के शेयर भी हरे निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित