अलवर , जुलाई 13 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाश एक युवक रोहित गुर्जर को जबरन कार में डालकर अलवर से रामगढ़ की ओर ले गये। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से रोहित को सकुशल छुड़ाकर एक आरोपी को ट्रेन में दबोंच लिया जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार होने में सफल रहा।
सूत्रोें ने बताया कि दोपहर में एसएमडी सर्किल स्थित जीडी कॉलेज के पास एक कार में सवार बदमाशों ने रोहित काे जबरन कार में बिठाकर अपहरण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस दबाव बढ़ता देख आरोपी नाडका रोड के पास अपहृत रोहित को कार से नीचे फेंककर रामगढ़ की ओर भाग निकले। इसी दौरान रामगढ़ थाना पुलिस ने रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी कर दी।
संयोग से उसी समय मथुरा-भिवानी पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी, जिससे रेलवे फाटक बंद था। आगे रास्ता बंद देखकर बदमाशों ने कार सड़क से नीचे उतार दी और उसे छोड़कर पैदल स्टेशन की ओर भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गया, जबकि दूसरा आरोपी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में चढ़ गया। रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत सिंह बडसरा ने पुलिस दल के साथ ट्रेन के डिब्बों की तलाशी ली और आरोपी डीग जिले के कामां निवासी शाहिर को गिरफ्तार कर लिया।
अलवर शहर कोतवाल दिनेश मीणा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि किराये की कार के दुर्घटना के बाद हुए खर्चे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। उसी विवाद के चलते अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित