उज्जैन , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र स्थित टॉवर चौक पर शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति ने 55 वर्षीय व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना में प्रयुक्त हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी प्रभुलाल मालवीय ने अशुतोष सोनी (55) पर अचानक गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आरोपी को जीरो पॉइंट रेलवे ट्रैक के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई के चलते आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका भी समय रहते टल गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित