भिण्ड , जून 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड शहर के अटेर रोड क्षेत्र में कार सवार युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में भिण्ड देहात थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक 315 बोर का देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं, जबकि मामले में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार अशोक नगर निवासी अजीत भदौरिया ने 31 मई को भिण्ड देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी ऑरा कार से रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया और कट्टा तथा पिस्टल से फायरिंग कर दी। हमले के दौरान अजीत मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच करते हुए आईटीआई रोड क्षेत्र में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित