सोनीपत , अगस्त 2 -- हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा थाना क्षेत्र में ज्वैलरी की दुकान पर विक्रेता की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर चांदी के गहने लूटने वाले तीन फरार बदमाशों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे रतन मार्केट स्थित सांवरिया ज्वैलर्स में दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने चांदी की चेन और कंगन दिखाने को कहा। जैसे ही विक्रेता भोला ने गहने काउंटर पर रखे, एक आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जबकि दूसरे ने चांदी के गहनों से भरा डिब्बा उठाया और बाहर भाग गया। दुकान के बाहर पहले से मौजूद दो साथी कार में उनका इंतजार कर रहे थे। शोर मचने पर दुकानदार और आसपास के व्यापारियों ने बदमाशों का पीछा किया। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी पवन निवासी गांव जगसी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके तीन साथी कार में फरार हो गए।

खरखौदा अपराध इकाई ने सूचना के आधार पर रोहतक-छिनौली रोड स्थित एनसीआर जल नहर के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान मुख्य आरोपी सागर ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तथा उसके साथियों अनुज और लक्ष्य को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीसीपी नरेंद्र काडियान, एसीपी जोगिंदर शर्मा और एसएचओ अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस लूटे गए चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त कार और आरोपियों की अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित