हनुमानगढ़ , जून 15 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में अहमदपुरा गांव में रविवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि काला सिंह का पूरा परिवार दोपहर में घर से बाहर था। इस दौरान उनका पुत्र वारिशदीप घर पहुंचा तो कमरों के ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। उसने तुरंत पिता को सूचना दी। कालासिंह घर पहुंचा तो चोरी का पूरा मंजर सामने आया। उसने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने भी आसपास तलाश की, लेकिन चोरों का कोई अता-पता नहीं चला। कालासिंह ने बताया कि चोरों ने घर से ढाई तोला सोने की कंठी, तीन सोने की अंगूठियां, सोने की बालियां एवं कानों के टॉप्स, दो सोने की ताबीज, एक सोने का कड़ा, पुरुषों की सोने की बालियां, दो जोड़ी चांदी की पायलें और एक लाख छह हजार रुपये नकद चुरा लिया। कुल मिलाकर लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करें जांच शुरु कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित