चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि दिनदहाड़े गोलीबारी, हत्या, लूट और मारपीट की घटनाएं पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का स्पष्ट संकेत हैं।

श्री ढिल्लों ने बुधवार को कहा कि लुधियाना में पिज्जा आउटलेट पर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी और तलवंडी साबो में एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से किये गये कथित हमले, जिसमें उसके पैर टूटने की बात सामने आयी है, ने लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि इससे एक दिन पहले भी मानसा में कबड्डी खिलाड़ी की हत्या, लुधियाना में एक युवक की हत्या और जालंधर में लोहे के कारोबारी से लूट की घटनाएं सामने आयी थीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरवाद और जबरन वसूली अब भी गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। अपराधियों में कानून का भय दिखाई नहीं देना सरकार की कानून-व्यवस्था बनाये रखने में विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, " जब आम लोग, व्यापारी, युवा और खिलाड़ी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते तो यह सरकार के कानून-व्यवस्था संभालने के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े करता है। "श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के लोग अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सरकार द्वारा अपराध और गैंगस्टरवाद पर अंकुश लगाने के दावे जमीनी स्थिति के सामने खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से बयानबाजी के बजाय अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव के लिए भाजपा की ओर देख रही है और पार्टी राज्य में शांति, सुरक्षा तथा कानून का राज बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित