राजनांदगांव , अगस्त 18 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के ऐतिहासिक दिग्विजय स्टेडियम को सर्वसुविधायुक्त आधुनिक खेल परिसर (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रशासन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि, स्टेडियम कॉन्फ्रेंस हॉल में कलेक्टर एवं स्टेडियम समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में बीते दिन खेल सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास और आय के नए स्रोत जुटाने को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि दिग्विजय स्टेडियम को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर ऐसा केंद्र बनाया जाए, जहां स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को प्रशिक्षण शिविरों से जोड़ने और स्थानीय अनुभवी प्रशिक्षकों की सेवाएं लेने पर जोर दिया।

अक्टूबर और जनवरी में प्रस्तावित रणजी ट्रॉफी मैचों के लिए सहमति बनी। सितंबर में बीसीसीआई प्रतिनिधिमंडल के निरीक्षण से पूर्व मैदान और पिच को मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को देखते हुए वेटलिफ्टिंग क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए राशि स्वीकृत की गई। साथ ही लाइट्स, शेड और सोलर पैनल मैदान के चारों टावरों की पुरानी लाइटें बदलकर हॉकी स्टेडियम में लगाई जाएंगी और मुख्य मैदान में नई लाइट्स लगेंगी। मुख्य गैलरी में शेड, सोलर पैनल और अत्याधुनिक ड्रेसिंग रूम का निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित