मुंबई , अगस्त 26 -- दिग्गज फिल्म निर्माता, निर्देशक कूकु कोहली का बुधवार को मुंबई में अंधेरी पश्चिम के ओशिवारा श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। वह 77 वर्ष के थे।

कोहली का मंगलवार को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें बेचैनी की शिकायत के बाद एक दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

डॉक्टरों को ब्लॉकेज का पता चला था और उन्होंने एंजियोप्लास्टी की थी, लेकिन कल शाम करीब 4.30 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया।

उनके अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों, दोस्तों और फिल्म उद्योग के साथियों के साथ-साथ बॉलीवुड की कई हस्तियां भी शामिल हुईं। कूकु का असली नाम अवतार कोहली था और निर्देशन में आने से पहले उन्होंने मशहूर फिल्म निर्माता राज कपूर के साथ काम किया था। कोहली ने 1991 में 'फूल और कांटे' से बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत की। यह फिल्म अभिनेता अजय देवगन की पहली हिंदी फिल्म थी। इसके बाद उन्होंने 'सुहाग', 'हकीकत', 'अनाड़ी नंबर 1', 'ये दिल आशिकाना', 'कोहराम' और 'वो तेरा नाम था' जैसी फिल्में निर्देशित कीं।

उनके परिवार में उनकी पत्नी, अभिनेत्री अरुणा ईरानी और उनकी पहली शादी से हुई दो पुत्रियां हैं। कोहली के निधन पर हिंदी फिल्म उद्योग के लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित