मुंबई , मई 07 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को पूरे दिन उतार-चढ़ाव बना रहा और इस बीच दिग्गज कंपनियों में बिकवाली से प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स 114 अंक (0.15 प्रतिशत) टूटकर 77,844.52 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत नीचे 24,326.65 अंक पर बंद हुआ।

दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त में खुलने का बाद आज दिन भर कभी लाल तो कभी हरे निशान में ऊपर-नीचे होते रहे। बीच कारोबार में सेंसेक्स ऊपर 78,384.70 अंक और नीचे 77,713.21 अंक तक गया।

वृहत बाजार में अच्छी लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.41 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.87 प्रतिशत मजबूत हुआ।

आईटी, एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और सार्वजनिक बैंकों से सूचकांक फिसल गये जबकि ऑटो, रियलटी, निजी बैंकों और धातु समूहों के सूचकांक ऊपर बंद हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर दो प्रतिशत चढ़ा। एनटीपीसी और कोटक महिंद्रा बैंक में भी एक से डेढ़ फीसदी की तेजी रही। एशियन पेंट्स, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, एलएंटटी और बीईएल के शेयर भी ऊपर बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित