मुंबई , अप्रैल 09 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को दिग्गज कंपनियों में बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत की गिरावट में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 931.25 अंक (1.20 प्रतिशत) टूटकर 76,631.65 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 222.25 अंक यानी 0.93 प्रतिशत नीचे 23,775.10 अंक पर आ गया। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों सूचकांक करीब चार प्रतिशत उछलकर एक महीने के उच्चतम स्तर पर रहे थे।
ऊंची कीमत पर मुनाफा वसूली से आज प्रमुख सूचकांक गिरावट में रहे। हालांकि कुल मिलाकर निवेश धारणा मजबूत रही। मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक बढ़त में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.22 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.17 प्रतिशत चढ़ा।
बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों पर सबसे अधिक दबाव देखा गया। ऑटो, तेल एवं गैस, रियलटी, एफएमसीजी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक भी टूट गये। धातु, फार्मा, स्वास्थ्य और आईटी सेक्टरों में तेजी रही।
एनएसई में कुल 3,322 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,572 के शेयर बढ़त में और 1,670 के गिरावट में रहे। अन्य 80 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 21 के शेयर लाल निशान में रहे। विमान सेवा कंपनी इंडिगो में 3.64 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। एलएंडटी का शेयर 2.75 फीसदी, इटरनल का 2.34, एचडीएफसी बैंक का 2.31, आईसीआईसीआई बैंक का 2.18 और कोटक महिंद्रा बैंक का 2.12 प्रतिशत फिसल गया।
भारतीय स्टेट बैंक में 1.90 फीसदी, ट्रेंट में 1.44, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अल्ट्राटेक सीमेंट दोनों में 1.36, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.35, बजाज फाइनेंस में 1.29, टाइटन में 1.23, इंफोसिस में 1.10 और एक्सिस बैंक में 1.07 प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनीलिवर और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी नीचे बंद हुए।
बीईएल का शेयर 1.57 प्रतिशत की बढ़त में रहा। पावरग्रिड और एनटीपीसी दोनों में 1.12 प्रतिशत तथा टीसीएस में 1.09 प्रतिशत की तेजी रही। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा स्टील के शेयर भी मजबूती में बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित