भरतपुर , नवम्बर 08 -- राजस्थान में डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत गंगोरा में सरपंच चुनाव के दौरान जीत-हार को लेकर दो पक्षों के बीच शनिवार को हुए संघर्ष और गोलीबारी की घटना में दोनों पक्ष के कई लोगों के घायल हो जाने के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात को देखते भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
खून से लथपथ करीब छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि 10 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार सरपंच पद के चुनाव के परिणाम के बाद पूर्व सरपंच और वर्तमान सरपंच के समर्थकों के बीच रंजिश और विवाद बना हुआ है। पूर्व सरपंच पक्ष के लोगों पर जीते हुए सरपंच के समर्थकों के घरों में घुसकर गोलीबारी करने, लूट और जानलेवा हमले के आरोपों की जांच में पुलिस जुटी है। झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित