भोपाल , जनवरी 19 -- वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम-2026 के दौरान दावोस स्थित मध्यप्रदेश स्टेट लाउंज में मध्यप्रदेश शासन और इज़राइल इनोवेशन अथॉरिटी के बीच तकनीक एवं नवाचार सहयोग पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस बैठक में इज़राइल इनोवेशन अथॉरिटी के चेयरमैन डॉ. एलन स्टोपेल और म.प्र. के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह उपस्थित थे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य तकनीक-आधारित आर्थिक विकास को गति देना और नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं की पहचान करना था। डॉ. स्टोपेल ने इज़राइल के नवाचार आधारित विकास मॉडल की जानकारी साझा करते हुए क्वांटम तकनीक, एडटेक, रक्षा प्रौद्योगिकी और जल समाधान जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में उनकी क्षमताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इज़राइल का अनुसंधान और विकास पारिस्थितिकी तंत्र निजी क्षेत्र की भागीदारी और सह-निवेश मॉडल पर आधारित है, जो सार्वजनिक सहयोग को व्यावसायिक व्यवहार्यता से जोड़ता है।
मध्यप्रदेश के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने राज्य में नागरिक प्रौद्योगिकी (सिविल टेक्नोलॉजी), पायलट परियोजनाओं और स्टार्टअप आधारित नवाचार को प्रोत्साहित करने की मंशा से डॉ. स्टोपेल को अवगत कराया। उन्होंने भारत-इज़राइल के मौजूदा सहयोग ढाँचों के तहत संयुक्त पायलट प्रोजेक्ट्स, टेक्नोलॉजी डेमॉन्स्ट्रेशन और सह-निवेश तंत्र के माध्यम से औद्योगिक साझेदारियों को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि मध्यप्रदेश और इज़राइल के बीच प्रौद्योगिकी पायलट, नवाचार साझेदारी और संस्थागत संपर्कों को मजबूत करने के लिए औपचारिक सहयोग ढाँचे पर कार्य किया जाएगा। दोनों पक्षों ने प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान, पायलट परियोजनाओं के अवसरों और उपयुक्त संस्थागत तंत्र विकसित करने के लिए संवाद जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। यह संवाद वैश्विक नवाचार साझेदारियों के माध्यम से औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन और तकनीक आधारित सतत प्रगति के प्रति मध्यप्रदेश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित