देवबंद (सहारनपुर) , अप्रैल 17 -- नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने पर दारुल उलूम देवबंद ने छात्रों के लिए परिसर में मल्टीमीडिया (स्मार्ट/एंड्रॉयड) मोबाइल फोन रखने पर प्रतिबंध दोहराते हुए उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निष्कासन तक की कार्रवाई की चेतावनी जारी की है।

संस्था प्रशासन ने पुराने और नए छात्रों के लिए जारी नोटिस में कहा है कि यदि किसी छात्र के पास मल्टीमीडिया मोबाइल फोन पाया गया तो इसे नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। दारुल इकामा के नाजिम-ए-आला (छात्रावास प्रभारी) मौलाना मुफ्ती अशरफ अब्बास ने बताया कि नया इस्लामिक शिक्षण सत्र शुरू हो चुका है, इसलिए छात्रों को पहले ही नियमों से अवगत कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष विभिन्न राज्यों से आए करीब 1500 नए छात्रों को प्रवेश दिया गया है। उन्हें भी स्पष्ट रूप से सूचित किया गया है कि परिसर में स्मार्टफोन या अन्य मल्टीमीडिया मोबाइल रखना प्रतिबंधित है।

नोटिस में कहा गया है कि यदि कोई छात्र ऐसे मोबाइल के साथ पाया जाता है, चाहे उसका उपयोग कर रहा हो या नहीं, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निष्कासन भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि दारुल उलूम में पिछले कई वर्षों से एंड्रॉयड और अन्य मल्टीमीडिया मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लागू है। छात्रों को केवल साधारण कीपैड फोन रखने की अनुमति दी जाती है, ताकि शैक्षणिक वातावरण बना रहे और अनावश्यक गतिविधियों से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित