पटना , अप्रैल 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि दानवीर-शूरवीर भामाशाह राष्ट्रभक्ति की एक ऐसी मिसाल थे, जिन्होंने अपनी पूरी संपत्ति राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी।

श्री सरावगी आज भाजपा के पंचायती राज प्रकोष्ठ की ओर से बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सभागार में आयोजित भामाशाह जयंती समारोह में शामिल हुए और कहा कि शूरवीर भामाशाह का त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनका अतुलनीय योगदान सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का संकल्प ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने वर्तमान में भामाशाह के आदर्शों की प्रासंगिकता पर जोर दिया और कहा कि इस समय समाज को उनके विचारों और मूल्यों की अधिक आवश्यकता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव के साथ करें।

श्री सरावगी ने इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए पंचायती राज प्रकोष्ठ की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हम आने वाली पीढ़ी को देश के महापुरुषों के बारे में बता सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित