नोएडा , जून 29 -- दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर शासन के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर प्रशासन, राज्य कर विभाग एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नोएडा सेक्टर-148 स्थित राज्य कर कार्यालय भवन के मीटिंग हॉल में 'व्यापारी कल्याण दिवस' का आयोजन किया गया।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के संबंधित अधिकारी द्वारा जानकारी साझा की गई जिसमें उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने शिरकत की। इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर राज्य कर संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 में विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर जमा करने वाले प्रतिष्ठानों एवं व्यापारियों को 'भामाशाह पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पैजेट इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्राइवेट लिमिटेड, ईस्ट वेस्ट सॉफ्टटेक प्राइवेट लिमिटेड, एलीवर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, लॉन्गचियर मोबाइल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सिंगला ऑटो एजेंसीज, बिंदल टेक्नोपॉलिमर प्राइवेट लिमिटेड, नॉर्मेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मैक्स स्क्वायर लिमिटेड, प्लैनेट कास्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, फेनो ऑर्गेनिक, स्केल्टन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा ज्योति अरोड़ा शामिल रहे।

विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि दानवीर भामाशाह के जीवन और उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर के उद्योग और व्यापार जगत ने जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अतिरिक्त आयुक्त राज्य कर संदीप भागिया ने जिले के व्यापारियों एवं उद्यमियों का राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक जीएसटी संग्रह गौतमबुद्धनगर जनपद से होता है, जो जिले के उद्योग एवं व्यापार की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि राज्य कर विभाग उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही विभाग द्वारा व्यापारियों एवं उद्यमियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में विकास जैन, सुरेंद्र नाहटा, एल.बी. सिंह, संजीव शर्मा, अमित उपाध्याय, वीर शेखर चौधरी, मुकेश कक्कड़ सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से सरकार ने व्यापारियों के सम्मान के साथ-साथ करदाताओं को प्रोत्साहित करने और उद्योग-व्यापार को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित