पटना , अक्टूबर 13 -- पंचायती राज विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य के सभी जिलों के जिला पंचायत राज पदाधिकारियों, प्रोग्रामरों एवं जिला पंचायत संसाधन केंद्र के नोडल पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से "दानवीर" पहल एवं 'मेरी पंचायत' पोर्टल के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य "दानवीर" पहल के प्रभावी क्रियान्वयन, संभावित दाताओं की पहचान तथा ग्राम पंचायतों में डिजिटल बुनियादी ढाँचे को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित "दानवीर" पहल का उद्देश्य नागरिकों, कॉरपोरेट संस्थानों, सामाजिक संगठनों, परोपकारी व्यक्तियों एवं अन्य हितधारकों के स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से ग्राम पंचायतों के डिजिटल एवं आधारभूत ढाँचे को मजबूत करना है। इस पहल के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुस्तकालयों, अध्ययन कक्षों तथा अन्य पात्र सार्वजनिक एवं सामुदायिक सुविधाओं की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सहयोग प्राप्त करने की परिकल्पना की गई है।

निदेशक नवीन कुमार सिंह ने सभी जिलों के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिले में ऐसी ग्राम पंचायतों एवं ग्राम कचहरियों की पहचान करें, जहाँ कंप्यूटर उपलब्ध नहीं हैं अथवा उपलब्ध संसाधन आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं। इसके साथ ही पुस्तकालयों एवं अध्ययन कक्षों के लिए कंप्यूटर और अन्य उपकरणों, बिजली एवं पावर बैकअप तथा आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य पात्र सार्वजनिक एवं सामुदायिक सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं का भी आकलन किया जाए।उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यक सामग्रियों की संख्या का पंचायतवार आकलन कर संबंधित आँकड़े चार कार्यदिवसों के भीतर विभाग को उपलब्ध कराए जाएँ, जिससे आवश्यकताओं के अनुरूप दानदाताओं से संपर्क स्थापित करने एवं संसाधन जुटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित