ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि दादरी थाना क्षेत्र की पुलिस टीम बुधवार को नियमित गश्त के दौरान तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वांछित अभियुक्त शाकिर नयी बस्ती श्मशान घाट के पास मौजूद है और किसी आपराधिक वारदात की फिराक में है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को चारों ओर से घिरा देख अभियुक्त शाकिर ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान मुठभेड़ में शाकिर घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घायल अभियुक्त को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ लूट व छिनैती के कई मामले दर्ज हैं।
इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने थाना दादरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शाकिर की गिरफ्तारी से क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अभियुक्त के साथ अन्य कौन-कौन लोग इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित