संतकबीरनगर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना बेलहर कला पुलिस ने दहेज मृत्यु के दो महिलाओं सहित तीन वाँछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि धारा 80(2), 85, 238 बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में वांछित अभियुक्त विकेश पुत्र शम्भू, तिजिया पत्नी शम्भू व गुलाबी पुत्री शम्भू निवासीगण ग्राम राजेबोहा थाना बेलहरकला जनपद संतकबीरनगर को राजेबोहा से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि मृतका के पिता ने 29 जुलाई को थाना बेलहरकला पर लिखित सूचना दी गई थी कि उनकी पुत्री को अभियुक्तों द्वारा दहेज की नाजायज मांग को लेकर काफी समय से शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था तथा उनके साथ लगातार मारपीट की जा रही थी। 22 जुलाई को उनकी पुत्री के साथ मारपीट की गयी जिससे उसकी गर्दन में चोट लग जाने से गंभीर रूप से घायल हो गई और इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। महिला सम्बन्धी अपराध की गंभीरता को देखते हुए थाना बेलहरकला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त अभियुक्त व अभियुक्तागण को आज गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित