पंचकूला , जुलाई 20 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) रेस्ट हाउस में आयोजित जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक के दौरान दहेज उत्पीड़न के एक मामले की जांच में कथित लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुये महिला थाना सेक्टर-16 की थाना प्रभारी (एसएचओ) राजेश कुमारी और सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कविता को निलंबित करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों को कानून की बेहतर जानकारी की आवश्यकता है।

श्री पंवार ने यह भी सिफारिश की कि निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय भौंडसी रखा जाए। बैठक में सेक्टर-15 निवासी मनीषा ने शिकायत करते हुए बताया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया और उसके पिता से छह लाख रुपये नकद लिए। आरोप है कि पुलिस ने जांच के दौरान न तो छह लाख रुपये के लेन-देन का उल्लेख किया और न ही ससुर का नाम मामले में शामिल किया। अब पुलिस अदालत में आवेदन देकर नाम जोड़ने की बात कह रही है। शिकायतकर्ता ने जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने कहा कि पहले पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। इस पर मंत्री ने कहा कि फिलहाल दोनों अधिकारियों को निलंबित किया जाए और यदि जांच में वे निर्दोष पाए जाते हैं तो उन्हें बहाल किया जा सकता है।

बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर पंचायती राज विभाग के एक्सईएन, एचएसआईआईडीसी के एस्टेट मैनेजर धीरज जोशी और जिला बाल कल्याण अधिकारी शिवानी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही तय करना जरूरी है और जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित