बैतूल , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बोरदेही पुलिस ने दहेज प्रताड़ना से जुड़ी नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि विवाह के बाद से महिला को दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के तहत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले की विवेचना एसडीओपी मुलताई द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका का विवाह 20 अप्रैल 2026 को ग्राम गुबरेल निवासी अजय पिता दीना ढोबारे (30) से हुआ था। जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को महिला का शव गांव के एक कुएं में मिला था। असामान्य परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के आधार पर थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85, 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 एवं 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर पति अजय ढोबारे, ससुर दीना ढोबारे (50) और सास चंपाबाई ढोबारे (48) को आज सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि दहेज प्रथा एक सामाजिक अभिशाप है और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित