हरिद्वार , जून 17 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत बुधवार को दहेज उत्पीड़न एवं पत्नी की हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचकर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल को सेक्टर-4 बीएचईएल रानीपुर निवासी सलोनी उर्फ अन्नु ने कोतवाली रानीपुर में अपने पति बसन्त टपरवाल, ससुर ज्ञानचंद, सास, ननद और नन्दोई के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था तथा दहेज में एक क्रेटा कार और 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति बसन्त टपरवाल ने उसे कार में बैठाकर आग लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्य एकत्रित किए।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई विवेचना में आरोपी पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, दहेज मांगने तथा पत्नी को आग लगाकर हत्या करने के प्रयास से जुड़े साक्ष्य पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए बसन्त कुमार पुत्र ज्ञानचंद निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित