रुद्रपुर , जून 16 -- उत्तराखंड के जिले ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पिस्तौल के बल पर एक परिवार को धमकाने और रिहायशी क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार विगत 10 जून को आदर्श कॉलोनी में कुछ लोगों द्वारा एक घर में हंगामा करने, परिवार को धमकाने और पिस्टल दिखाकर भय का माहौल बनाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद एक आरोपी पिस्टल फेंककर मौके से फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से .30 बोर की लोडेड पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए।

जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने करीब एक माह पहले आत्महत्या कर ली थी। परिजन घर के सामने एसी की दुकान चलाने वाले रमन कक्कड़ को इसके लिए जिम्मेदार मान रहे थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

बताया गया कि 10 जून को रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ और अन्य साथियों ने सन्नी के परिवार के साथ विवाद किया। इस दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आया आरोपी दीपक कुमार रामपुर (उत्तर प्रदेश) की ओर जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं।

इसके बाद बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी और रम्पूरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपीरमन कक्कड़ (32) निवासी ग्राम केसरपुर, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, दीपक कुमार (26) निवासी ग्राम मजरा झुण्डी सकैनिया, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित