जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में दस हजार भर्ती निकालने की घोषणा के विरुद्ध शिक्षा विभाग विभिन्न वर्गों की 15 हजार 444 पदों की भर्तियां करने जा रहा है जिनकी प्रक्रिया पूर्ण होने पर नियुक्ति दे दी जाएगी।

श्री दिलावर ने विभिन्न भर्तियों के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अध्यापक (संस्कृत शिक्षा) के कुल 3944 पदों पर भर्ती प्रक्रियाधिन है। प्राध्यापक स्कूल शिक्षा के विभिन्न विषयों में 3944 पदों के लिए आगामी 21 मई से 16 जून तक परीक्षा आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक (विभिन्न विषय) के कुल 6500 पदों पर भर्ती के लिए 12 से 18 जुलाई तक परीक्षा आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है। अध्यापक (लेवल प्रथम) के पांच हजार पदों पर भर्ती के लिए गत सात जनवरी को परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। आयोजित परीक्षा की 27 फरवरी को उत्तर कुंजी जारी की जाकर आपत्तियां आमंत्रित की गई।

इस प्रकार प्रकार स्कूल शिक्षा विभाग में दस हजार पदों की बजट घोषणा के विरुद्ध विभिन्न विषयों के कुल 15 हजार 444 पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने पर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित