मुरैना , सितंबर 29 -- चंबल क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने कुख्यात इनामी दस्यु सरगना कल्ली गुर्जर की तलाश में मुरैना और शिवपुरी पुलिस द्वारा पगारा के जंगल और आसपास के क्षेत्र में चलाया गया तलाशी अभियान उसके नहीं मिलने के कारण समाप्त हो गया।
कल्ली गुर्जन की तलाश में लगभग 200 पुलिसकर्मियों ने जंगल और बीहड़ों में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। कल्ली गुर्जर पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और फायरिंग सहित 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 60 हजार रुपये का इनाम घोषित है। वह करीब एक वर्ष से फरार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार कल्ली गुर्जर पांच भाइयों में सबसे बड़ा है और उसके गिरोह में कुछ साथी और गुर्गे शामिल हैं। हाल ही में पुलिस ने उसके दो साथियों को जंगल से गिरफ्तार किया है। उसके भाई जोगी और रवि जेल में हैं, जबकि डीपी और पपोला सहित अन्य फरार बताए गए हैं।
बताया गया है कि कल्ली गुर्जर ने हाल ही में हाईवे पर एक कंटेनर-ट्रक के 12 टायरों को गोलियों से छलनी कर दिया था। इसके अलावा मुरैना जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जेल प्रशासन की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मोबाइल पर जेल अधीक्षक को दी गई धमकी की तकनीकी जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी भरा व्हाट्सऐप कॉल वास्तव में कल्ली गुर्जर ने किया था या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया।
शिवपुरी, ग्वालियर और मुरैना जिलों के कुल आठ थानों की पुलिस टीमें जंगलों और बीहड़ों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और उसके कुछ साथियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसके सहयोगियों के अलावा उसे पनाह देने वाले रिश्तेदारों और मददगारों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार अजय गुर्जर और अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। साथियों की गिरफ्तारी के बाद ग्वालियर, मुरैना और शिवपुरी के जंगलों तथा बीहड़ों में तलाशी और कॉम्बिंग अभियान तेज किया गया है। मुरैना जेल में बंद कल्ली गुर्जर के भाइयों की बैरक बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार कल्ली गुर्जर मुरैना जिले के निरार थाना क्षेत्र के चाचुल गांव का मूल निवासी बताया जाता है। उसका निवास सरायछौला थाना क्षेत्र के बरवासिन और तिलोदा गांव में भी बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित