धार , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर विकासखंड में शनिवार को संचालित दस्तक अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अनीता सिंगर और जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुवंशी ने ग्राम डोंचा, बड़गांव के भगवानपुर सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर दस्तक दल के कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों की घर-घर स्वास्थ्य जांच की गई और परिजनों को दस्त से बचाव के लिए ओआरएस घोल एवं जिंक की गोली के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।
दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न गांवों में घर-घर पहुंचकर 0 से 5 सालों तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। साथ ही परिजनों को दस्त से होने वाली गंभीर समस्याओं और संभावित मृत्यु की रोकथाम के लिए समय पर ओआरएस घोल एवं जिंक की गोली के उपयोग का महत्व बताया।
निरीक्षण के दौरान डॉ अनीता सिंगर ने कहा कि बच्चों में दस्त होने पर समय पर ओआरएस घोल और जिंक का उपयोग करने से बीमारी की गंभीरता कम की जा सकती है तथा मृत्यु के खतरे से बचाव संभव है। दस्तक दल ने घर-घर पहुंचकर ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां भी वितरित कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित