हरिद्वार , अक्टूबर, 19 -- त्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने दशहरा पर्व पर रावण दहन और मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष यातायात 'डायवर्जन प्लान' जारी किया है। इसके तहत बीएचईएल के सेक्टर-1 व सेक्टर-4, जटवाड़ा पुल, चमगादड़ टापू और मोतीचूर पार्किंग मैदान के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। संबंधित क्षेत्रों में वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने के साथ ही पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 बीएचईएल में सेक्टर-4 चौक से स्वर्ण जयंती पार्क चौक तथा शॉपिंग सेंटर से सेक्टर-4 चौक के बीच सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सिडकुल की ओर से आने वाले वाहनों को सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 और स्वर्ण जयंती पार्क होते हुए भगत सिंह चौक एवं रानीपुर मोड़ की ओर भेजा जाएगा। वहीं, सेक्टर-1 बीएचईएल में सेक्टर-1 चौक से स्टेट बैंक तिराहे तक सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन दोनों क्षेत्रों में क्रमशः लगभग 300 और 400 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल चौक से नहर पटरी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रानीपुर झाल नहर पटरी की ओर से आने वाले वाहनों को रेगुलेटर पुल के समीप पार्क कराया जाएगा। चमगादड़ टापू मैदान में जयराम मोड़ से भीमगोड़ा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। भीमगोड़ा और हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग हनुमान वाटिका से चमगादड़ टापू के पिछले हिस्से में कराई जाएगी।

मोतीचूर पार्किंग मैदान यानी दूधाधारी मैदान के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मोतीचूर रेलवे स्टेशन तिराहे से दूधाधारी तिराहे के बीच वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा दूधाधारी तिराहे से खड़खड़ी तथा सूखी नदी तिराहे से दूधाधारी तिराहे की ओर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। खड़खड़ी की ओर से आने वाले वाहनों को मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास तथा हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों को दूधाधारी फ्लाईओवर के नीचे पार्क कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित