छिंदवाड़ा , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के चांदामेटा स्थित पंकज स्टेडियम में मंगलवार रात दशहरा उत्सव के दौरान मंच और बैठने की व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं और विधायक सोहन वाल्मिक के बीच विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने कार्यक्रम रुकवा दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने वज्र वाहन भी बुलाया। देर रात करीब साढ़े 11 बजे रावण दहन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर मंगलवार दोपहर से ही विवाद की स्थिति बनी हुई थी। दोनों पक्षों के साथ अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) की बातचीत भी हुई थी। भाजपा नेताओं की मांग थी कि उन्हें कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करने, मंच पर बैठने और संबोधित करने का अवसर दिया जाए। वहीं, विधायक श्री वाल्मिक का कहना था कि वे पिछले 16 वर्षों से दशहरा उत्सव का आयोजन करते आ रहे हैं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे।

रात में कार्यक्रम शुरू होने के बाद पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया, भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उईके, जिला पंचायत सदस्य अरुण यदुवंशी, अनुज पाटकर और हरिश्चंद्र अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन स्थल पर पहुंचे। इसी दौरान भाजपा नेत्री ज्योति डेहरिया भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचीं। इसके बाद मंच और बैठने की जगह को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई।

सामने की पंक्ति में बैठने और सभी के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विवाद बढ़ने पर एसडीएम ने कार्यक्रम रुकवा दिया। मौके पर एसडीएम, एसडीओपी और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए वज्र वाहन बुलाया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच स्थिति संभालने का प्रयास किया। कार्यक्रम को दोबारा शुरू कराने की कोशिशों के बीच भी व्यवधान आया। अंततः रात करीब साढ़े 11 बजे रावण दहन किया गया और इसके साथ ही उत्सव समाप्त हुआ। मंच और बैठने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के कारण पारंपरिक आयोजन प्रभावित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित